Weather update: राजस्थान में आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 15 सितंबर तक जारी रहेगा दौर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के कई बांध लबालब हो चुके हैं और उनसे पानी की निकासी की जा रही है। वहीं आज से फिर 6 दिन तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। राजधानी जयपुर में मंगलवार की शाम कई इलाकों में जमकर मेघ बरसे। जिसके बाद सड़कों पर पानी ही पानी हो गया और कई जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला। 

बारिश का अलर्ट जारी
इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आज कोटा, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर संभागों में अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। वहीं बीकानेर, जोधपुर संभागों में कुछ जगहों पर वर्षा होने की संभावना है. फिलहाल बारिश का सिलसिला 15 सितंबर तक जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंच चुका हैं। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के अनेक भागों में आगामी 4-5 दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने तथा भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर व उदयपुर संभाग के अनेक भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने जताया अनुमान
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि पूर्वी राजस्थान में 11 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कोटा, भरतपुर, उदयपुर व जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी व कहीं-कहीं अतिभारी बारिश 11 से 13 सितंबर के बीच होने की प्रबल संभावना है। आईएमडी ने आज अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, झुंझुनूं, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, श्रीगंगानगर और पाली में भारी वर्षा, मेघगर्जन व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

pc- zee business