PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी से मिले एनडीए में शामिल हुए 45 सांसद, कई मुद्दों पर हुई चर्चा
- byShiv
- 08 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास पर एनडीए के सांसदों से मुलाकात की, जिसमें एनसीपीआई में शामिल हुए बागी तृणमूल कांग्रेस के सांसद और एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए शिवसेना (यूबीटी) के सांसद शामिल थे। तृणमूल कांग्रेस से टूटकर एनसीपीआई में शामिल हुई रचना बनर्जी ने कहा कि, प्रधानमंत्री के साथ 2 मिनट वक्त गुजारना भी हमारे लिए भाग्यशाली है। उन्होंने कहा, जिंदगी में बहुत कुछ आता-जाता है, लेकिन आज सुबह का ब्रेकफास्ट हमारे लिए हमेशा के लिए खास रहेगा।
संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए शताब्दी रॉय ने कहा, प्रधानमंत्री ने सभी से गर्मजोशी से बातचीत की और विस्तार से चर्चा की। हम सबने साथ बैठकर चाय पी और उन्होंने सभी से कहा कि उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए क्या योजना बना रहे हैं और कैसे काम कर रहे हैं। हमारे सभी सांसद वहां मौजूद थे।
यह निमंत्रण एनडीए में नए शामिल हुए लोकसभा सांसदों को दिया गया था, जिसमें एनसीपीआई के सदस्य भी शामिल थे। ये वे बागी तृणमूल कांग्रेस सांसद हैं, जो एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं और एनडीए को समर्थन दे रहे हैं। इस बैठक में उन लोकसभा सांसदों को भी बुलाया गया था, जो हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) से अलग होकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए थे। यह बातचीत प्रधानमंत्री की सांसदों के साथ चल रही मुलाकातों का हिस्सा थी।
pc- navbharat






