Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि, 3 अप्रैल से फिर एक्टिव होगा नया विक्षोभ
- byShiv
- 01 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को भी जारी रहा। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बदलते मौसम के कारण लोगों को गर्मी से तो राहत मिली हैं, लेकिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है। 1 अप्रैल को उदयपुर, कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने और शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 2 अप्रैल को रात्रि के समय जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी जिलों और आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। इसके साथ ही अप्रैल के प्रथम सप्ताह में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है।
कई जगह बारिश के साथ ओलावृष्टि
जयपुर जिले के आस पास के गांवों, कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली। कई जिलों में देर शाम अचानक बारिश और तेज आंधी देखने को मिली। कई जगहों पर करीब 5 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, चना और सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं।
3-4 अप्रैल से होगा पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव
मौसम विभाग की माने तो अगला मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 3-4 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 3-4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में फिर से तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने बारशि का येलो अलर्ट जारी किया है।
pc- etv bharat





