Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर, लू के थपेड़ो से लोग परेशान, नया पश्चिमी विक्षोभ आज से होगा एक्टिव

इंटरनेट डेस्कः राजस्थान में नौतपा के बीच में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। दोपहर के समय तो हालात ऐसे हो जाते हैं की हाइवे भी आपको खाली नजर आते है। लोगों का इस मौसम में घर से निकल पाना भी मुश्किल हो रहा है। हीट वेव इतनी तेज होती हैं की खड़े आदमी को झुलसा देती है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आज 28 मई को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिलेगा। कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

48 डिग्री तक जा सकता हैं तापमान
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर संभाग, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में गर्मी का सबसे अधिक असर रहेगा। जयपुर, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर और नागौर सहित कई जिलों में लू लोगों को परेशान करेगी। 

जारी रहेगा हीटवेव का असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक राजस्थान में गर्मी का दौर जारी रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। आज 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती हैं।

pc- dailyhunt.in