अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ छेड़ी जंग! 15 पोस्ट पर किया कब्जा, कई लोगों को मारने का किया दावा
- byShiv
- 27 Feb, 2026
इंटरनेट डेस्क। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में एक बार फिर भीषण लड़ाई शुरू हो गई है। पाकिस्तानी सेना की ओर से किए गए हवाई हमलों के जवाब में अफगान सीमा बलों ने पूर्वी प्रांतों में लड़ाई शुरू कर दी है। अफगानिस्तान की सैन्य इकाई 201 खालिद बिन वलीद कॉर्प्स के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। खबरों की माने तो अफगानिस्तान सरकार ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की 15 सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया है, कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए जबकि कुछ को जिंदा पकड़ा गया है। प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई सीधे तौर पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के बाद शुरू हुई। जिसके बाद सीमा क्षेत्रों में तनाव तेजी से बढ़ गया है।
क्या कह रहा तालिबान
मीडिया रिपोटर्स की माने तो तालिबान प्रवक्ता ने दावा किया कि अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमा पर बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। इस्लामिक अमीरात ऑफ़ अफ़गानिस्तान के डिप्टी स्पोक्सपर्सन हमदुल्ला फ़ितरत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, डूरंड लाइन पर तैनात बड़ी संख्या में लेज़र से लैस यूनिट्स ने भी ऑपरेशन शुरू कर दिया है और रात के अंधेरे का इस्तेमाल करके, वे सभी चलते-फिरते दुश्मन के लोगों को टारगेट करेंगे और उन्हें जहन्नुम भेज देंगे।
तालिबानी प्रवक्ता ने दी जानकारी
अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, पाकिस्तानी सैन्य बलों की ओर से बार-बार की गई उकसावे वाली कार्रवाई और उल्लंघनों के जवाब में विवादित डूरंड लाइन के आसपास बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया गया है। हालांकि इस टकराव में हताहतों की संख्या या लड़ाई के पैमाने को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बयानबाजी से संकेत मिलता है कि यह केवल छोटी सीमा झड़प नहीं बल्कि बड़ी सैन्य प्रतिक्रिया है।
pc- hindustan






