Andrew Flintoff के बेटे रॉकी ने 18 साल की उम्र में कर डाला ये कारनामा, 136 साल पुराना तोड़ा रिकॉर्ड

इंटरनेट डेस्क। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया।  महज 18 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे लंकाशायर के क्रिकेट इतिहास में करीब 136 साल से कोई नहीं छू सका था। वनडे कप में सोमरसेट के खिलाफ रॉकी ने तूफानी अंदाज में अपना पहला शतक जड़ा।

उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों में 123 रन ठोक दिए। इस पारी के साथ 18 साल 126 दिन की उम्र में रॉकी लंकाशायर की सीनियर टीम के लिए शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने आर्ची मैकलारेन का 136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। टांटन में खेले गए मुकाबले में रॉकी ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने लंकाशायर को 50 ओवर में 443/6 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में लंकाशायर का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

रॉकी ने इस मुकाबले में कीटन जेनिंग्स के साथ मिलकर 214 रन की शानदार साझेदारी की। जेनिंग्स ने भी बल्ले से कमाल करते हुए 127 गेंदों पर 156 रन बनाए। दोनों की धमाकेदार पारियों के दम पर लंकाशायर ने सोमरसेट को 174 रन से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

pc- indiatv.in