सर्दियों में बालों में लगाएं एलोवेरा जेल; डैंड्रफ और हेयर फॉल समेत ये समस्याएं हो जाएंगी दूर

pc: india tv hindi

हर कोई चाहता है कि उसके बाल लंबे, घने, चमकदार और मुलायम हों। लेकिन, बदलती लाइफस्टाइल, प्रदूषण, बालों की सही देखभाल न करना और मौसमी बदलावों की वजह से बालों की कई समस्याएं होने लगती हैं। खासकर सर्दियों में, सूखे मौसम की वजह से स्कैल्प में खुजली, डैंड्रफ और रूखे बाल जैसी समस्याएं होने लगती हैं। कई लोग इन समस्याओं को दूर करने के लिए महंगे हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, घर पर आसानी से मिलने वाला एलोवेरा का इस्तेमाल भी बालों के लिए फायदेमंद हो सकता है। एलोवेरा में मौजूद गुण बालों को मॉइस्चराइज करने और उनकी देखभाल करने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं कि रेगुलर हेयर केयर के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल कैसे करें और इससे क्या फायदे हो सकते हैं।

डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा पाएं

सर्दियों में ठंडी और रूखी हवा की वजह से स्कैल्प का रूखापन बढ़ जाता है। इस वजह से बालों में डैंड्रफ की समस्या महसूस हो सकती है। ऐसे में एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। नहाने से करीब आधा घंटा पहले स्कैल्प पर एलोवेरा जेल लगाएं। उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से मसाज करें। फिर साफ पानी से बाल धो लें। इससे स्कैल्प को मॉइस्चराइज करने में मदद मिल सकती है।

बाल सिल्की और सॉफ्ट हो जाएंगे

अगर कंडीशनर इस्तेमाल करने के बाद भी आपके बाल सॉफ्ट नहीं हो रहे हैं, तो आप एलोवेरा जेल इस्तेमाल करके देख सकते हैं। बालों में शैम्पू करने के बाद एलोवेरा जेल लगाएं और कुछ देर बाद बाल धो लें। एलोवेरा बालों का रूखापन कम करने में मदद कर सकता है। इससे बाल सॉफ्ट, सिल्की और शाइनी दिख सकते हैं।

बाल झड़ने की प्रॉब्लम को कम करने में मदद करता है

अगर शरीर में न्यूट्रिएंट्स की कमी हो, तो इसका असर बालों की हेल्थ पर भी पड़ता है। अगर बालों को पूरा न्यूट्रिशन नहीं मिलता है, तो वे कमजोर हो जाते हैं और झड़ने लगते हैं। ऐसे में बालों की सही देखभाल करना ज़रूरी है। इसके लिए आप हफ्ते में दो बार एलोवेरा हेयर मास्क लगा सकते हैं। यह बालों की देखभाल करने और उन्हें मॉइस्चराइज़ करने में मदद कर सकता है।

स्कैल्प की खुजली कम करने में फायदेमंद

अगर आपको ड्राई स्कैल्प की वजह से खुजली हो रही है, तो आप एलोवेरा जेल इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में एलोवेरा जेल लें। इसमें एक नींबू का रस और थोड़ा सा नारियल का तेल मिलाएं। इस मिक्सचर को अपने स्कैल्प पर लगाएं और 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर अपने बालों को शैम्पू से धो लें। यह मिक्सचर आपके स्कैल्प को मॉइस्चराइज़ करने में मदद कर सकता है। हालांकि, नींबू का रस जलन पैदा कर सकता है, इसलिए अगर आपका स्कैल्प सेंसिटिव है, तो इस उपाय से बचें।