Asian Games: तीसरे दिन नेहा ठाकुर ने भारत को दिलाया रजत पदक


खेल डेस्क। हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या बढक़र अब 12 हो चुकी है। भारत के लिए आज पदक का खाता नेहा ठाकुर ने खोला, जिन्होंने महिला डिंगी नौकायन स्पर्धा (सेलिंग) में रजत पदक अपने नाम किया।  यह भारत के लिए एशियन गेम्स के तीसरे दिन यानी आज का पहला और ओवरऑल 12वां पदक है।

 भारत ने दूसरे दिन तक 2 गोल्ड सहित 11 मेडल अपने नाम किए थे। सेलिंग (नौकायन) मेें नेहा ठाकुर 11 दौड़ के बाद रजत पदक अपने नाम करने में सफल रही। नेहा पदक को जीतने पर भारतीय ओलंपिक संघ ने बधाई दी है। भोपाल की नेहा ठाकुर ने लड़कियों की डिंगी स्पर्धा में 11 रेसों में कुल 27 अंक हासिल किए। इससे वह रजत पदक हासिल करने में सफल रही।

जबकि थाईलैंड की नोपासोर्न खुनबूनजान ने स्वर्ण और सिंगापुर की केइरा मैरी कार्लाइल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं आज भारत की महिला स्क्वैश टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से रौंदा।  महिला भारतीय स्क्वैश टीम में तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और अनाहत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया।