Bengaluru: बेंगलुरु में नरसंहार, कैब ड्राइवर ने पत्नी सहित ससुराल पक्ष के 7 लोगों की हत्या की, एक एक कर चला गया मारता
- byShiv
- 06 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। बेंगलुरु के राजाजीनगर में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी और पत्नी के परिवार के 7 लोगों की हत्या कर दी है। अपराध पहले हुआ है, इसका खुलासा कल देर रात हुआ है। पुलिस ने कैब ड्राइवर इंदु शेखर को अरेस्ट कर लिया है और पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
बेंगलुरु में सामूहिक हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड का आरोपी इंदु शेखर अपनी पत्नी के रवैये से बेहद नाराज रहता था और जब भी उसने अपनी सास और सालों से इसकी शिकायत की उन्होंने पत्नी सुनीता का पक्ष लिया। इससे नाराज होकर उसने पत्नी सुनीता और उसके परिवार के 6 सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी।
सात लोगों को मारा
मृतकों में उसकी पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर, भाभियां दिव्या और नलिनी, और शिवकुमार का सात साल का बेटा पुनीत शामिल हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने इन हत्याओं की योजना बनाई थी। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी को मारा। इसके बाद, उसने अपने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। फिर उसने उनकी पत्नियों, अपनी सास और एक सात साल के बच्चे को भी मार डाला।
पुलिस क्या बता रही
पुलिस को शक है कि आरोपी ने हत्या करने के लिए सिलबट्टे (पत्थर) का इस्तेमाल किया। उसने शवों को अपनी कार में रखकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। इसके बाद, खून के धब्बों को मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए उसने रसायनों (केमिकल्स) का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि ये हत्याएं घरेलू विवाद के कारण हुईं। आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों के संपर्क में बनी हुई थी। यह मामला तब सामने आया जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए, जिससे पुलिस को इस भयानक हत्याकांड का पता चला।
pc- jagran






