Bihar: सासाराम से पटना जा रही पैसेंजर ट्रेन में लगी अचानक आग, बोगी जलकर खाक, जान बचाकर भागे यात्री
- byShiv
- 18 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जानकारी के अनुसार सासाराम से आरा होते हुए पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई, घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। ट्रेन में आग लगते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने एक बोगी को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
पूरी बोगी हुई खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही देर बाद धुआं पूरी बोगी में फैल गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
यात्रियों ने रेल की सुरक्षा पर उठाए सवाल
खबरों की माने तो घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर शुरुआती समय में काबू नहीं पाया जा सका। हादसे के बाद आरपीएफ निरीक्षक ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि रविवार को भी राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लग गई थी। उसमें भी गनिमत रही की किसी तरह की जनहानी नहीं हुई।
pc- abp news






