Bihar: ये लड़का मुझे अंकल टाइप लगता हैं, मैं नहीं करूंगी शादी, हाथों में वरमाला लिए खड़ा रह गया दूल्हा

इंटरनेट डेस्क। बिहार के भोजपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया हैं जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जी हां यहां ऐसी शादी की कहानी सामने आई है, जो जयमाला से ठीक पहले ही टूट गई। वजह बनी दुल्हन की एक साफ बात“पापा, मैं ये शादी नहीं करूंगी, ये लड़का मुझे अंकल टाइप लगता है। मामला संदेश थाना क्षेत्र के दलेलगंज गांव की रहने वाली 22 वर्षीय शोभा कुमारी से जुड़ा है। 3 मार्च को उसकी शादी कोसडिहरा गांव के 36 वर्षीय सुधीर कुमार से तय थी। दोनों परिवारों की सहमति से यह अरेंज मैरिज तय हुई थी।

हो रही थी शादी की रस्में
जानकारी के अनुसार शादी की सभी रस्में उसी दिन होनी थीं। दिन में हल्दी और तिलक की रस्में पूरी हो गई थीं। बारात भी पहुंच चुकी थी और दूल्हा सुधीर स्टेज पर जयमाला के लिए तैयार खड़ा था। इसी बीच अचानक खबर आई कि दुल्हन अपने परिवार के साथ वेडिंग प्वाइंट से चली गई है। दूल्हा और बाराती दुल्हन का इंतजार करते रह गए, लेकिन वह स्टेज पर नहीं आई। फोन करने पर भी लड़की पक्ष के किसी सदस्य ने कॉल रिसीव नहीं किया। 

नहीं हुई शादी
बाद में पता चला कि दुल्हन ने अपने पिता से साफ शब्दों में कह दिया था “पापा, मैं ये शादी नहीं करूंगी। ये रिश्ता मुझे मंजूर नहीं है। मैं जान दे दूंगी, लेकिन इस लड़के से शादी नहीं करुंगी। आप उसे देखिए, वो अंकल टाइप दिखता है। समाज में लोग क्या कहेंगे, मैं अपनी सहेलियों से क्या कहूंगी? बेटी की जिद सुनकर पिता चुपचाप उसे और परिवार के अन्य लोगों को लेकर वेडिंग प्वाइंट से निकल गए। उधर दूल्हा सुधीर हाथ में जयमाला लिए देर रात तक इंतजार करता रहा। आखिरकार आधी रात के बाद उसे बिना दुल्हन के ही बारात लेकर घर लौटना पड़ा।

pc- tv9