BJP: चुनाव आयुक्त और SIR पर प्रदर्शन को लेकर बोले अमित शाह, अगले 30 साल भी नहीं बनेगी विपक्ष की सरकार

इंटरनेट डेस्क। देशभर में कुछ समय से चुनाव आयुक्त और एसआईआर को लेकर मचे घमासान और दिल्ली में हुए प्रदर्शनों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होगा, जनता के दुख दर्द को समझिए। अमित शाह ने कहा, जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी, ये जनता को कहते हैं देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा? अरे भाई अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहां ही मरेगा, हर छह माह में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है, मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। इसके आधार पर मैं कहता हूं कि अगले 30 साल तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है, मेरी बात सुन लो।

राहुल गांधी पर पलटवार
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने अमित शाह और पीएम मोदी के साथ बीजेपी के अन्य नेताओं के पुराने बयान चलाए और पूछा कि इन्हें पहले से कैसे पता कि बीजेपी कब तक सत्ता में रहेगी, इसी पर अमित शाह ने पलटवार किया है। अमित शाह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा, अभी-अभी केरल में चुनाव हुआ...यही मतदाता सूची, यही इलेक्शन कमिश्नर, यही ईवीएम...आपने शपथ ले ली, आप चुनाव जीत गए, इलेक्शन कमीशन अच्छा है, तेलंगाना में आप जीत गए इलेक्शन कमीशन अच्छा है। हिमाचल में जीत गए तो इलेक्शन कमीशन अच्छा है, और जहां हार जाते हो वहां पर इलेक्शन कमीशन ठीक नहीं है।

दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे
उन्होंने आगे कहा, आपके पक्ष में अगर अदालतें फैसला देती है तो अदालतें अच्छी है, और विपक्ष में फैसला देती है, आपके विरोध में देती है तो अदालतें ठीक नहीं है। ये दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे, राहुल जी जनता आपको जान चुकी है, आप कुछ आसपास के प्रदेशों से कैडर इकट्ठा कर कर दिल्ली में प्रदर्शन कर कर जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते।

PC-aaj tak