BJP: संगठन में बड़ा फेरबदल, नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी की वापसी, तेजस्वी सूर्या बाहर
- byShiv
- 18 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई पुराने चेहरों को जगह नहीं मिली है। इनमें बेंगलुरु दक्षिण से सांसद और पार्टी के युवा चेहरे के तौर पर पहचान रखने वाले तेजस्वी सूर्या का नाम भी शामिल है। नई टीम में पार्टी ने कुछ ऐसे नेताओं पर भी भरोसा जताया है, जो हाल के वर्षों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।
नई टीम को 2029 के चुनावों के लिए माना जा रहा अहम
भाजपा की नई संगठनात्मक टीम को 2029 के लोकसभा चुनाव और आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फेरबदल में सबसे अहम नाम स्मृति ईरानी का है। उन्हें पार्टी का महासचिव बनाया गया है। पार्टी के अंदर इसे सिर्फ उनकी वापसी के तौर पर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले बीजेपी के अभियान को और धार देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, अमित मालवीय को आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख के पद से हटा दिया गया है।
युवा मोर्चा में भी बदलाव
भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या की जगह हेमंग जोशी को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के युवा और मुखर नेताओं में गिने जाने वाले तेजस्वी सूर्या पिछली राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण भूमिका में थे। सोशल मीडिया से लेकर संसद और पार्टी के सार्वजनिक अभियानों तक उनकी सक्रियता लगातार चर्चा में रही है।हालांकि, नई टीम में उन्हें जगह नहीं दी गई है।
नई टीम में ऐसे नेताओं की वापसी भी बड़ा संकेत मानी जा रही है, जो लंबे समय से पार्टी नेतृत्व की पसंदीदा भूमिका में नहीं थे। माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने काफी समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी वाले दौर में बिताया था। स्मृति ईरानी भी कुछ समय से संगठन में हाशिये पर थीं। उन्होंने न सिर्फ केंद्रीय मंत्रिमंडल में अपनी जगह गंवाई थी, बल्कि उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से अपना चुनाव भी हार गई थीं।
आम आदमी पार्टी से बीजेपी में आए संदीप पाठक को नई टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में आए रोहन गुप्ता को भी राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
pc- aaj tak





