BJP: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में वोट नहीं कर पाएंगे पार्टी के संस्थापक सदस्य जोशी और आडवाणी

इंटरनेट डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है, जब पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में वरिष्ठ नेता और संस्थापक सदस्यों में शामिल लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा। बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसके तहत देश भर से कुल 5708 निर्वाचक इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।

क्या भाजपा की परंपरा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बीजेपी की परंपरा रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव आम राय से होता है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी चुनाव औपचारिक माना जा रहा है और नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय समझा जा रहा है। हालांकि इस चुनाव से जुड़ा एक तथ्य राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से खास माना जा रहा है।

नहीं डालेंगे ये लोग वोट
खबरों के अनुसार पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 के बाद से यह पहली बार है, जब लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन मंडल का हिस्सा नहीं है। गौर करने वाली बात यह भी है कि आडवाणी और जोशी दोनों ही नेताओं को पार्टी ने मार्गदर्शक मंडल में शामिल कर रखा है। वे संगठन के लिए मार्गदर्शक की भूमिका में हैं, लेकिन इस बार की चुनावी प्रक्रिया में उनकी औपचारिक भागीदारी नहीं होगी।

pc- gnttv.com