दलेर मेहंदी पर आया मुख्यमंत्री धामी का बयान, सिंगर मीका सिंह से भी की बात, जाने क्या कहा....

इंटरनेट डेस्क। उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर दलेर मेहंदी पर आपा खो दिया। दलेर मेहंदी रविवार को उत्तराखंड के नयी टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री उनियाल मंच पर आए और उनसे ऊंची आवाज में पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।  अब इस पूरे विवाद पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान भी सामने आ गया है।

क्या बोले मुख्यमंत्री धामी?
दलेर मेहंदी से जुड़े इस पूरे विवाद पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान कहा- मंत्री जी ने खुद कल बताया कि उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत के बारे में जानकारी नहीं थी। मंत्री जी ने खुद आगे आकर इस मामले पर अपनी बात रखी है। उत्तराखंड की भूमि लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करती है।

सीएम धामी के इस बयान के बाद सिंगर दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने भी बयान जारी किया है। मीका सिंह ने कहा- आजकल स्कूलों में भी बच्चों को डांटने-फटकारने को लेकर इतनी सावधानी बरती जाती है, लेकिन उत्तराखंड में आपके मंत्री जी ने दलेर मेहंदी जी को मंच पर बुलाकर जिस तरह इतनी रूडली बात की, क्या यह सही है? यह कहां का इंसाफ है? पुष्कर धामी जी, हम सब आपकी इज़्ज़त करते हैं और उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं। लेकिन किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल सही नहीं है। 

मीका सिंह ने आगे कहा- कलाकार भी इंसान होते हैं। उनकी भी इज्जत और सम्मान होना चाहिए। अगर कोई शिकायत थी, तो उसे सम्मानपूर्वक भी रखा जा सकता था। धामी साहब, आप मेरे भाई जैसे हैं और समझदार इंसान हैं। मुझे उम्मीद है कि आप इस मामले को समझेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी कलाकार के सम्मान को ठेस न पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंगर मीका सिंह से भी फोन पर बातचीत की है। सीएम धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से जी से दूरभाष पर बातचीत की। दलेर मेहंदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए।

pc- tikheemirchi.com