CJP: सीजेपी ने कहा, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे तो फिर बैठकों का कोई मतलब नहीं...आगे की रणनीति होगी...
- byShiv
- 25 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। नीट पेपर लीक विवाद पर जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन का दौर जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बीच सरकार और संगठन में बातचीत के बाद भी गतिरोध बना हुआ है। इस मामले में सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने साफ कहा है कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार के साथ आगे की बैठकों का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
इस्तीफा नहीं तो बैठकों का कोई मतलब नहीं
आशुतोष रांका ने कहा कि शुक्रवार को हुई बैठक में मुआवजे और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सरकार की तरफ से सकारात्मक जवाब मिला था। इन दोनों मुद्दों पर सिद्धांत रूप से सहमति बनी थी और उन्हें उम्मीद है कि इन पर सरकार की तरफ से लिखित जवाब भी मिलेगा, लेकिन संगठन की सबसे अहम मांग, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।
नई रणनीति पर काम करेंगे
आशुतोष रांका ने कहा, अगर सरकार पहले से तय कर चुकी है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, तो हमें साफ बता दे, फिर इस तरह की बैठकों का कोई औचित्य नहीं है। उसके बाद हम अपनी आगे की रणनीति पर काम करेंगे, अगर सरकार इसी रुख पर कायम रही तो हमें भी कड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। रांका ने सरकार द्वारा एनटीए के 47 अधिकारियों को हटाए जाने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस फैसले की पूरी जानकारी देखने के बाद ही टिप्पणी की जाएगी।
pc- moneycontrol.com





