पाकिस्तानी धर्मगुरु नसीर मदनी का कबूलनामा, आतंकी हाफिज सईद ने कश्मीर भेजे थे 10,000 आतंकवादी
- byShiv
- 19 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। सीमा पार से भारत के लिए कैसे आतंकी साजिश रची जाती हैं इसका कबूलनामा खुद पाकिस्तान कर रहा है। आतंकी साजिशों और पाकिस्तान के नापाक मंसूबों की पोल एक बार फिर उसी की सरजमीं पर खुल गई है। हाल ही में दिल का दौरा पड़ने के बाद फिर से सार्वजनिक मंच पर लौटे पाकिस्तानी धर्मगुरु नसीर मदनी ने सरेआम यह कबूल किया है कि लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक आतंकी हाफिज सईद ने कश्मीर में 10,000 आतंकवादी भेजे थे।
14 अगस्त को दिखे थे कार्यक्रम में
मीडिया रिपोटर्स की माने तो 14 अगस्त को बहावलनगर में एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के कार्यक्रम में दिए इस बयान ने साबित कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर में निर्दाेषों के खून-खराबे और सीमा पार आतंकवाद के पीछे कौन सी काली ताकतें सक्रिय थीं। हाफिज सईद भारत में हुए कई बड़े और घातक हमलों का मुख्य साजिशकर्ता रहा है। वह उस लश्कर-ए-तैयबा का आका है जिसे अल-कायदा से संबंधों के कारण 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंधित किया था और 2008 में अमेरिका ने सईद को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।
कई आतंकी हमलों में नाम हैं
सईद 26/11 के मुंबई हमलों की जांच में मुख्य नाम है, जब 2008 में 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला कर 166 लोगों की जान ली थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में फरार छह पाकिस्तानी आरोपियों के खिलाफ़ अनुपस्थिति में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। मौलाना नसीर मदनी के इस खुले बयान ने भारत के खिलाफ जारी पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों की सच्चाई को पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दिया है।
pc- x.com




