Congress: बयान देकर बुरा फंसे खरगे, पार्टी नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा- खरगे से गलती हुई, उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए

इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान को लेकर अब उनकी ही पार्टी के लोग उन्हें घेरने लगे है। जानकारी के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि खरगे से गलती हुई है और उन्हें अपने बयान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने मंगलवार को गुजरात के गोधरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता को अपनी भाषा की मर्यादा नहीं छोड़नी चाहिए। 

खरगे ने पटना में दिया था विवादित बयान
मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम के दौरान विवादित टिप्पणी की थी। यह कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजने की बात कही थी। इसी दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि जब तक बगावत नहीं होगी, तब तक प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने जवाब दिया, मोदी का बाप भी जाएगा।

अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए
इसके बाद अब पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि उनका मानना है कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता को सभ्य भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर खरगे ने अनजाने में भी कुछ ऐसा कह दिया है, तो उन्हें इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। चव्हाण ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए।

pc- loksatta.com