Congress: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए थे मोहम्मद इरफान, राहुल गांधी ने की मुलाकात
- byShiv
- 28 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन खत्म हो चुका है, इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोहम्मद इरफान से मुलाकात की है। इरफान जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए थे, उन्होंने प्रदर्शन में भारत के संविधान की प्रस्तावना को बहुत जोश के साथ पढ़ा था, सोशल मीडिया पर उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
राहुल गांधी ने की मुलाकात
राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इरफान के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। उन्होंने इरफान को दिल्ली के एक इलाके का ऐसा युवा बताया, जिसकी सोच उसके हालात से कहीं आगे की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, इरफान से मुलाकात हुई, दिल्ली की बस्ती का एक युवा, जिसकी सोच उसके हालात की मोहताज नहीं है, संविधान की उसकी समझ, देश के प्रति उसका नजरिया और सीखने की उसकी इच्छा यही बताती है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवाओं में बसती है। इरफान जैसे लाखों युवा ही देश की असली उम्मीद हैं, जिज्ञासु, संवेदनशील और अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग।
आए थे चर्चा में
नीट पेपर लीक के विरोध के दौरान इरफान तब चर्चा में आए, जब सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में वे संविधान की प्रस्तावना सुनाते हुए और संविधान, समानता और न्याय के बारे में जोश के साथ बात करते हुए दिखे। मोहम्मद इरफान दिल्ली के रहने वाले हैं, इरफान कभी स्कूल नहीं गए, लेकिन उन्होंने काम के साथ-साथ कई चीजें सीखीं। उनकों संविधान में गहरी दिलचस्पी है, युवाओं के आंदोलन में इरफान पहुंचे और बेहद जोश में संविधान की प्रस्तावना बताते दिखे।
pc- amar ujala





