Ebola: कोराना से खतरनाक इबोला की भारत में दस्तक! अहमदाबाद में मिला संदिग्ध मरीज

इंटरनेट डेस्क। विदेशों में इबोला का खतरा लगातार बढ़ रहा हैं और इसकी आहट भारत में सुनाई देने लगी है। जानकारी के अनुसार अहमदाबाद में इबोला का एक संदिग्ध मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। अफ्रीकी देश कांगो से भारत आए एक 37 साल के बिजनेसमैन को सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं उसके संपर्क में तीन अन्य लोग भी आए थे, जिन्हें एहतियातन अलग-अलग अस्पतालों में रखा गया है। डॉक्टरों ने इन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।

क्या कहा स्वास्थ्य मंत्रालय ने
मीडिया रिपोटर्स की माने तो गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंसेरिया ने बताया कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका तापमान नियंत्रण में है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। फिलहाल सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है। यह बिजनेसमैन इसी महीने कांगो से सीधे मुंबई आया था। वहां पांच दिन रुकने के बाद वह अपने काम के सिलसिले में सिलवासा और दमन भी गया। इसके बाद 22 मई को वह गुजरात के वडोदरा पहुंचा। वहां 26 मई को अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से अस्पताल ले जाना पड़ा।

बेंगलुरु में भी आया था ऐसा मामला
स्वास्थ्य विभाग ने इसे सावधानी के तौर पर उठाया गया कदम बताया है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति में बीमारी का कोई लक्षण नहीं मिला है। मरीज के साथ आए दो साथियों और एक अन्य संपर्क में आए व्यक्ति को भी अलग वार्ड में रखा गया है। इससे पहले कर्नाटक के बेंगलुरु में भी युगांडा से आई एक महिला को इबोला के संदेह में आइसोलेशन में रखा गया था, हालांकि बाद में उसकी जांच रिपोर्ट पूरी तरह नेगेटिव आई थी।

pc- aljazeera.com