FIFA World Cup 2026: युद्ध के तनाव और वीजा संबंधी परेशानियों के बीच मेक्सिको पहुंची ईरान टीम

इंटरनेट डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप की शुरूआत 11 जून से होने जा रही हैं और इसके लिए अब गिनती के दिन बचे है। ऐसे में ईरान की टीम भी तनावों और वीजा संबंधी अड़चनों को पार करते हुए आखिरकार मेक्सिको पहुंच गई है। आगामी फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में अब महज चार दिन बचे हैं। 

तुर्की के अंताल्या में कड़े प्रैक्टिस सेशन के बाद ईरानी टीम शनिवार को फ्लाइट से रवाना हुई और रविवार दोपहर मेक्सिको के तिजुआना शहर पहुंची। टीम ने सोशल मीडिया पर हाय मेक्सिको लिखकर अपनी तस्वीरें शेयर कीं जिसमें खिलाड़ी सफेद शर्ट और नीले ब्लेजर के मैचिंग सूट में नजर आ रहे हैं।

इस साल फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद टीम के वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने पर काले बादल मंडरा रहे थे। यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ईरानी टीम के शामिल होने को अनुचित बताया था। हालांकि, ईरानी फुटबॉल एसोसिएशन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी और साफ किया था कि यह टूर्नामेंट फीफा का है न कि किसी एक देश का। इसी अडिग रुख के चलते टीम आज मैदान पर उतरने को तैयार है।

pc- jansatta