IND vs SL: रवींद्र जडेजा के नाम दर्ज हुई ये खास उपलब्धि, इन खिलाड़ियों के क्लब में हुए शामिल
- byShiv
- 18 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारत श्रीलंका के बीच खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच रवींद्र जडेजा के लिए यादगार बन गया है। बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल पाने के बाद जडेजा ने गेंद से ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली, जिसने उन्हें टेस्ट क्रिकेट के चुनिंदा दिग्गज ऑलराउंडरों की कतार में खड़ा कर दिया। जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन और 350 विकेट का डबल पूरा करने वाले दुनिया के चौथे ऑलराउंडर बन गए हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट के तीसरे दिन 17 अगस्त को जडेजा ने श्रीलंका की पहली पारी में दो विकेट हासिल किए। उन्होंने धनंजय डी सिल्वा और केशरा नुवांथा को अपना शिकार बनाया। इन दो विकेट के साथ ही उनके टेस्ट करियर में विकेटों की संख्या 350 पहुंच गई। इससे पहले भारतीय पारी में जडेजा के बल्ले से 13 रन निकले थे।
जडेजा से पहले टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ तीन ऑलराउंडर ही 4000 या उससे ज्यादा रन बनाने के साथ 350 विकेट लेने का कारनामा कर सके थे। इस खास सूची में भारत के कपिल देव, इंग्लैंड के इयान बॉथम और न्यूजीलैंड के डेनियल वेटोरी शामिल हैं। कपिल देव इस सूची में सबसे आगे हैं। उन्होंने भारत के लिए 131 टेस्ट मैचों में 5248 रन और 434 विकेट हासिल किए। वहीं, इंग्लैंड के इयान बॉथम ने 102 टेस्ट में 5200 रन और 383 विकेट अपने नाम किए हैं।
PC- cricinfo.com





