ind vs zi: हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज का तोड़ा रिकॉर्ड, हासिल की ये उपलब्धि
- byShiv
- 26 Oct, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम घर पर अभी जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। दूसरे मुकाबले में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक छोर से पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि शानदार शतकीय पारी भी खेली और इसके दम पर वह पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ने के साथ अब महिला वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है।
जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में हरमनप्रीत कौर को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने पूरी कसर निकाल दी और 101 गेंदों में अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ दिया। हरमनप्रीत कौर के बल्ले से इस मुकाबले में 121 गेंदों में 15 चौके के दम पर 126 रनों की शानदार पारी देखने को मिली।
हरमनप्रीत कौर अब महिला वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सिर्फ मौजूदा कप्तान स्मृति मंधाना से पीछे हैं, जो अब तक 14 शतकीय पारियां खेल चुकी हैं।
महिला वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली खिलाड़ी
स्मृति मंधाना - 14 शतक
हरमनप्रीत कौर - 8 शतक
मिताली राज - 7 शतक
पूनम राउत - 3 शतक
जेमिमा रोड्रिग्ज - 3 शतक
प्रतिका रावल - 3 शतक
pc- cricinfo.com






