India-Bangladesh: पीएम तारिक रहमान के भारत दौरे पर सस्पेंस, राष्ट्रपति भवन ने वापस लिया अपना ही बयान
- byShiv
- 22 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की इस वीकेंड संभावित भारत यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जब प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से रहमान के नई दिल्ली दौरे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उनके पास कोई नया अपडेट नहीं है।
जायसवाल ने स्पष्ट किया कि इस मामले पर मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। अगर मेरे पास कोई अपडेट होगा, तो मैं उसे आपके साथ साझा करूंगा। शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन ने एक आधिकारिक सूचना वापस ले ली, जिसमें शनिवार को होने वाले चेंज ऑफ गार्ड समारोह को रद करने की बात कही गई थी, ताकि रहमान के औपचारिक स्वागत का पूर्ण रिहर्सल किया जा सके।
राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति से ऐसा प्रतीत हुआ कि लंबे समय से चर्चा में रही यात्रा होने जा रही है, लेकिन जल्द ही नोटिस को वापस ले लिया गया। समारोह रोकने की घोषणा के बाद राष्ट्रपति भवन ने दोपहर में एक नया बयान जारी कर स्पष्ट किया कि इस शनिवार कोई चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी नहीं होगी शीर्षक वाली प्रेस रिलीज वापस ले ली गई है।
क्या है चेंज ऑफ गार्ड समारोह की परंपरा?
आमतौर पर राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 30 मिनट का चेंज ऑफ गार्ड समारोह हर शनिवार सुबह आयोजित किया जाता है। यदि शनिवार को कोई सरकारी छुट्टी हो या राष्ट्रपति भवन की ओर से निर्देश दिया गया हो, तो यह समारोह नहीं होता है।
pc- aaj tak





