India Nepal: प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत के दौरे पर, विदेश मंत्री से हुई मुलाकात, आज पीएम मोदी के साथ होगी बैठक

इंटरनेट डेस्क। नेपाल के प्रधानमंत्री भारत के दौरे पर पहुंचे। नई दिल्ली पहुंचे प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच विशेष और गहरे संबंधों को लेकर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी खास दोस्ती को बहुत महत्व देता है। उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बैठक को लेकर भी उत्सुकता जताई। बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं।

इस मुलाकात के बाद एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज शाम नई दिल्ली यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात करके खुशी हुई। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बैठकों का इंतजार है। विदेश मंत्रालय  ने कहा, राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का एक अवसर है।

पीएम मोदी के साथ क्या होगी बात?
मीडिया रिपोटर्स की माने तो प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे अहम मुद्दों पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा है। उन्होंने इसी साल मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पद संभालने के बाद वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क भी गए थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी की औपचारिक बैठक होगी। इसमें दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

pc- x.com