इंटरनेट डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल की ट्रॉफी जीत ली। वहीं एक दिन बाद ही टीम के स्टार खिलाड़ी टिम डेविड पर बैन लग गया। मैदान पर नियमों के उल्लंघन के कारण बीसीसीआई ने बल्लेबाज डेविड पर एक मैच का बैन लगा दिया, जबकि उनकी मैच फीस भी काट ली।
आईपीएल फाइनल के एक दिन बाद सोमवार 1 जून को बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर टिम डेविड को मिली सजा की जानकारी दी और इसकी वजह भी बताई। विस्फोटक बल्लेबाज डेविड को बेंगलुरु की फील्डिंग के दौरान कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी पाया गया। इसके मुताबिक, गुजरात की पारी के 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद डेविड ने आक्रामक अंदाज में अंपायर नितिन मेनन की ओर एक आइस बैग फेंका।
बीसीसीआई की ओर से बताया गया कि टिम डेविड की ये हरकत आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन था, जो गेंद या कोई भी सामान किसी खिलाड़ी या मैच अधिकारी की तरफ फेंकने से जुड़ा है। डेविड को इस हरकत पर लेवल-1 का दोषी पाया गया और उनकी 50 फीसदी मैच फीस काट दी गई है और साथ ही 2 डिमेरिट पॉइंट भी उनके खाते में जोड़ दिए गए हैं। डेविड ने भी मैच रेफरी के सामने अपनी गलती को माना और इस सजा को स्वीकार किया।
PC- espncricinfo.com






