Jharkhand: छात्रों का आंदोलन 20वें दिन भी जारी, पूर्व सीएम रघुबर दास ने दिया समर्थन, सरकार को दिया अल्टीमेटम

इंटरनेट डेस्क। झारखंड में जेपीएससी-जेएससीसी में कथित धांधली, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ रांची में छात्रों के एक बड़े आंदोलन को आज 20 दिन हो चुके है।  बुधवार को इस आंदोलन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी लीडर रघुबर दास भी पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंचने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक आंदोलनकारी हैं और एक आंदोलन के जरिए ही राजनीति में आए थे, इसलिए वो प्रदर्शनकारियों का दर्द समझ सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को दिया अल्टीमेटम
पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने आगे कहा कि वह इस प्रोटेस्ट साइट से सरकार को अल्टीमेटम देते हैं कि अगर एक हफ्ते के अंदर स्टूडेंट्स की मांगें नहीं मानी गई तो वो खुद भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर अनशन पर बैठेंगें। बता दें कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग यही है कि 14वीं प्रीलिम्स परीक्षा को रद्द किया जाए और पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए।

देवेंद्र नाथ महतो से मिलने अस्पताल पहुंचे पूर्व सीएम
खबरों की माने तो प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचने से पहले रघुबर दास उन प्रदर्शनकारियों का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे जिन्हें विधानसभा घेराव के दिन चोटें आई थी। उस दिन पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। अस्पताल में रघुवर दास ने देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

pc- danik bhaskar