Maharashtra: नासिक में भयानक हादसा, कार गिरी कुएं में, एक ही परिवार के 9 लोगों की डूबकर मौत
- byShiv
- 04 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। महाराष्ट्र के नासिक से 40 किमी दूर दिंडोरी तालुका के शिवाजीनगर इलाके में देर रात एक भयानक हादसा सामने आया है। यहां इंदौरे गांव के दरगोड़े परिवार के 9 सदस्यों की उस समय दर्दनाक मौत हो गई, जब एक मारुति एक्सएल कार कुएं में गिर गई।
क्या हुआ था
जानकारी के अनुसार दिंडोरीके शिवाजीनगर के राजे बैंक्वेट हॉल में वडजे क्लासेस की तरफ से वार्षिक समारोह आयोजित किया गया था, जहां इंदौरे गांव से सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े अपने परिवार के बच्चों को इस इवेंट में लेकर आए थे, इवेंट के बाद दिंडोरी से दरगोड़े परिवार कार से घर लौट रहा था, तभी ड्राइवर का कंट्रोल खो गया और कार सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव का काम शुरू किया गया। कुआं पूरी तरह से पानी से भरा हुआ था, इसलिए राहत के काम में बड़ी रुकावटें आईं। आधी रात को दो क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस हादसे में कार से 9 लाशें निकाली गईं, जबकि कार से निकलकर कुएं में डूबी एक लड़की की लाश ढूंढने के लिए स्पेशल ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में मरने वालों की पहचान सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (उम्र 34), उनकी पत्नी रेशमा सुनील दरगोड़े (30), बेटी राखी उर्फ गुणवंती (10) और दो भतीजी माधुरी अनिल दरगोड़े (13), श्रवणी अनिल दरगोड़े (11) के रूप में हुई है। इसके अलावा इस हादसे में आशा अनिल दरगोड़े (32), उनके बेटे श्रेयश अनिल दरगोड़े (11), बेटी सृष्टि अनिल दरगोड़े (14) और भतीजी समृद्धि राजेश दरगोड़े (7) की भी मौत हो गई। पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
pc- aaj tak






