Meerut: स्कूल में टूटा कुणाल का दम, 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,वॉशरूम में पड़ा मिला था...

इंटरनेट डेस्क। मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के एक स्कूल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 7 के 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव स्कूल के वॉशरूम में पड़ा मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब छुट्टी के बाद घर ले जाने के लिए पहुंचे ई-रिक्शा चालक ने काफी देर तक इंतजार करने के बाद स्कूल के अंदर जाकर बच्चे की तलाश की।

ई रिक्शा चालक से चला पता
मीडिया रिपोटर्स की माने तो मृतक छात्र कुणाल शर्मा मवाना के बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ता था। बताया गया कि कुणाल सोमवार को रोजाना की तरह स्कूल गया था। छुट्टी के बाद ई-रिक्शा चालक बच्चों को घर ले जाने के लिए स्कूल के बाहर पहुंचा। अन्य बच्चे ई-रिक्शा में बैठ गए, लेकिन कुणाल बाहर नहीं आया। चालक ने करीब 15 मिनट तक उसका इंतजार किया। इसके बाद वह स्कूल के अंदर पहुंचा और छात्र की तलाश शुरू की।

स्कूल में अफरा-तफरी मच गई
तलाश के दौरान कुणाल स्कूल के वॉशरूम में मूर्छित अवस्था में पड़ा मिला। बच्चे को इस हालत में देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और परिजनों की मदद से उसे आनन-फानन में डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुणाल की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शुरुआती चर्चा में बच्चे की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

pc- navbharat