Meta: पीएम मोदी का फेसबुक से वीडियो हटाने को लेकर गर्माया मामला, संसद की आईटी समिति ने कानूनी कार्रवाई की रखी मांग
- byShiv
- 04 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। संसद की सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति की सोमवार को राजधानी दिल्ली में बैठक हुई। कमेटी ने फेसबुक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो हटाए जाने के मामले पर कड़ा रुख अपनाया। मीडिया रिपोटर्स की माने तो समिति की बैठक के दौरान कई सदस्यों ने मेटा के अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे। मेटा के अधिकारियों ने माफी मांगते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का वीडियो तकनीकी गलती के कारण हटाया गया था। हालांकि, समिति के कई सदस्यों ने कहा कि मामला केवल माफी का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
मीडिया रिपोटर्स की माने तो समिति के सदस्यों ने वीडियो हटाने के लिए जिम्मेदार मेटा अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। इसके अलावा, कमेटी ने मेटा से उसके मंचों पर मौजूद विवादित और आपत्तिजनक सामग्री के संबंध में कंपनी की ओर से उठाए गए कदमों का भी ब्योरा मांगा।
क्या जवाब दिया मेटा ने
खबरों की माने तो सरकार ने बीते दिनों मेटा के टॉप ऑफिसर को उस समय तलब किया था, जब भारत के युवाओं को संबोधित करने और पेपर लीक के खिलाफ सख्त उपायों का वादा करने वाली प्रधानमंत्री मोदी की हाल की पोस्ट को फेसबुक पर थोड़े समय के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। अमेरिका मुख्यालय वाली इस सोशल मीडिया कंपनी ने इस घटना के लिए तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया और माफी मांगी, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस सफाई को अपर्याप्त पाया।
pc-etv bharat






