Monsoon Session: मानसून सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस संसदीय दल की होगी बैठक, सरकार ने भी बुलाई सर्वदलीय बैठक
- byShiv
- 15 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। मॉनसून सत्र शुरू होने की घोषणा ने देश में राजनीतिक गलियारों में सियासी गर्मी को कई गुना बढ़ा दिया। सत्ता पक्ष और सभी विपक्षी दलों ने संसद के मॉनसून सत्र के लिए कमर कस ली है। इसी बीच कांग्रेस ने 16 जुलाई को आगामी 20 जुलाई से शुरू होने वाले सत्र के लिए कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।
कहां होगी कांग्रेस दल की बैठक
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बैठक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर सुबह 11 बजे होगी, जिसमें सत्र के दौरान जनहित और राजनीतिक मुद्दों को उठाने तथा पार्टी की व्यापक संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने पर गहन चर्चा की जाएगी।
सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
इसके साथ ही विधायी एजेंडे को सुचारू रूप से चलाने और विभिन्न राजनीतिक दलों का सहयोग हासिल करने के लिए केंद्र सरकार ने मॉनसून सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले, यानी 19 जुलाई को सुबह 11 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। हर सत्र से पहले होने वाली इस पारंपरिक बैठक में सरकार अपने विधायी प्रस्तावों को सामने रखेगी। जानकारी के अनुसार केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारत सरकार की सिफारिश पर, माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मॉनसून सत्र 2026 के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दे दी है। यह सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू होगा और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक बहस, चर्चा और निर्णय के लिए 13 अगस्त 2026 तक चलेगा।
pc- csbias.com






