President: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज अयोध्या दौरे पर, रामलला के करेंगी दर्शन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इंटरनेट डेस्क। चैत्र नवरात्र के साथ गुरुवार से शुरू होने वाले हिंदी नववर्ष के प्रथम दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन राम मंदिर में हो रहा है। जी हां आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अयोध्या के दौरे पर रहेगी। वह यहां श्रीराम नाम मंदिर व श्रीराम यंत्र स्थापना के पूजन मे हिस्सा लेंगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सभी प्रकार के पास स्थगित कर दिए गए हैं। रंगमहल बैरियर के प्रवेश द्वार को समारोह में आमंत्रित अतिथियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। 

आम श्रद्धालुओं को भी मिलेंगे दर्शन
मीडिया रिपोटर्स की माने तो आम श्रद्धालुओं को भी इस दौरान रामलला का दर्शन सुलभ होगा। सभी दर्शनार्थियों को बिड़ला धर्मशाला के सामने आदि गुरु रामानंदाचार्य द्वार से प्रवेश मिलेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव ने बताया कि गुरुवार को मां अमृतानंदमयी अपने 1100 से अधिक भक्तों के साथ पधार चुकी हैं। मन्दिर आंदोलन और निधि संकलन में दायित्व निभाने वाले आमंत्रित कार्यकर्ताओं का भी आगमन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आमंत्रित जन इच्छानुसार चाहें तो उसी दिन अन्यथा ठहर कर अगले दिन भी जा सकते हैं। 

राष्ट्रपति मुर्मु का राम मंदिर में आगमन पूर्वाह्न 11 बजे नियत है। वह सेना के विमान से महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरेंगी और फिर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग होते हुए राम मंदिर आएंगी। पुनः आद्य गुरु शंकराचार्य प्रवेश द्वार से परिसर में प्रवेश कर सीधे सप्त मंडपम के मंदिरों में रामायण कालीन ऋषियों व पात्रों के दर्शन के साथ भक्ति मूर्ति माता शबरी का पूजन करेंगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय का कहना है कि यदि उनका आगमन एयरपोर्ट पर 11 बजे हुआ तो वह 11.10 बजे तक राम मंदिर पहुंचेगी और यदि पहले हुआ तो 11 बजे आ जाएंगी। उन्होंने बताया कि सबसे पहले सप्त मंडपम देखने का आग्रह किया गया है। राष्ट्रपति रामलला का दर्शन कर प्रथम तल पर राम परिवार की आरती भी उतारेंगी।

pc- punjabkesari.in