Priyanka Gandhi: पहली स्पीच में छा गई प्रियंका गांधी, संविधान से लेकर जवाहरलाल नेहरू तक की चर्चा, पीएम मोदी को तो....

इंटरनेट डेस्क। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद बनीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को लोकसभा में पहली बार 13 दिसंबर 2024 को बोलने का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले भाषण में कई मुद्दों पर बात की, लेकिन संविधान, आरक्षण और जाति जनगणना का मुद्दा उन्होंने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि संविधान सुरक्षा कवच है लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी इसे तोड़ने की कोशिश कर रही है, उन्होंने अपने संबोधन में जवाहरलाल नेहरू का भी ज़िक्र किया।

क्या क्या बोली प्रियंका
पहली बार संसद पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी की कम सीटों ने संविधान के बारे में बात करने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में बीजेपी का ये हाल नहीं हुआ होता तो वो संविधान बदलने का काम शुरू कर चुकी होती। प्रियंका गांधी ने अपने पहले संबोधन में बीजेपी के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरा और कहा कि पीएम भारत का नहीं संघ का संविधान समझते हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री जी संसद में संविधान की किताब को माथे से लगाते हैं लेकिन संभल, हाथरस और मणिपुर में जब न्याय की गुहार उठती है, तो उनके माथे पर शिकन तक नहीं आती।

नेहरू और इंदिरा गांधी के बारे में क्या कहा?
प्रियंका गांधी ने कहा, वो लोग कहते हैं नेहरू ने क्या किया, आप वर्तमान की बात कीजिए, आप क्या कर रहे हैं, आपकी क्या ज़िम्मेदारी है, ये बात देश को बताइए। क्या ये ज़िम्मेदारी जवाहरलाल नेहरू की है? उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का ज़िक्र करते हुए कहा, एक नाम आप कभी-कभी लेने में हिचकिचाते हैं और उनके काम का ज़िक्र करने से बचते हैं, उन्होंने हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, बीएचईएल, सेल, गेल ओएनजीसी, एनटीपीसी, रेलवे, आईआईट, आईआईएम, ऑयल रिफाइनरी और कई सार्वजनिक उपक्रम लगवाए। उनका नाम किताबों से मिटाया जा सकता है, भाषणों से हटाया जा सकता है, लेकिन देश की आज़ादी और इसके निर्माण में उनकी भूमिका को कभी मिटाया नहीं जा सकता।

pc- BBC,sundayguardianlive.com, amar ujala