Rajasthan: 14 जिलों की 80 तहसीलें गंभीर सूखाग्रस्त घोषित, राज्य सरकार ने अधिसूचना की जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के कई जिलों में इस बार बारिश के मौसम भी सूखा ही रहा और यह एक बड़ा कारण रहा की किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच बारिश की कमी के कारण प्रदेश में सूखे की स्थिति बनी हुई है। अब सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 14 जिलों की 80 तहसीलों को गंभीर और मध्यम सूखाग्रस्त घोषित किया है। राज्य सरकार ने रविवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इस फैसले से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने, पशुओं के लिए चारे-पानी की व्यवस्था करने और किसानों को राहत उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हुआ है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो सूखे की सबसे ज्यादा मार पश्चिमी राजस्थान के जिलों में देखने को मिल रही है। पाली, जैसलमेर, जालोर, बाड़मेर, बालोतरा और जोधपुर सहित कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।

राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जोधपुर जिले की 12 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। जालोर और बाड़मेर की 10-10, बालोतरा की 9, पाली की 8, डूंगरपुर और जैसलमेर की 7-7 तहसीलों को सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा बांसवाड़ा की 3, ब्यावर, चूरू और बीकानेर की 2-2 तथा नागौर और सिरोही की एक-एक तहसील को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। फलोदी जिले की 7 तहसीलें भी इस सूची में शामिल हैं।

pc- firstindianews