Rajasthan: विधानसभा का मानसून सत्र आज से, कई महत्वपूर्ण विधेयक सदन में होंगे पेश, सत्र के हंगामेदार रहने के आसार
- byShiv
- 20 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। आज से राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र के हंगामदार रहने के आसार है। 16वीं विधानसभा का यह छठा सत्र है और फिलहाल इसे 27 अगस्त तक प्रस्तावित किया गया है। सीमित अवधि के इस सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करने की तैयारी में है। इनमें राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 सबसे अहम माना जा रहा है।
भाजपा विधायक दल की हुई बैठक
सत्र शुरू होने से एक दिन पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक लेकर सत्ता पक्ष की रणनीति तय की। वहीं कांग्रेस ने भी सरकार को सड़क से सदन तक घेरने की तैयारी की है।
सत्र के पहले दिन सदन में शोकाभिव्यक्ति होगी, पूर्व राज्यपाल डी.वाई. पाटील, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव समेत पूर्व सांसदों और विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी। कार्यवाही समाप्त होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में सलाहकार समिति की बैठक होगी।
यूसीसी विधेयक पर सबसे ज्यादा नजर
सरकार राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 सदन में पेश कर सकती है। प्रस्तावित कानून में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंधों के लिए समान कानूनी व्यवस्था का प्रावधान है।
pc- dainiksamrat.in






