Rajasthan: भजनलाल सरकार आज छात्रों को देने जा रही बड़ी सौगात, 947 करोड़ रुपये से अधिक होंगे खर्च

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान सरकार गुरु पूर्णिमा के मौके पर छात्रों को बड़ी सौगात देने जा रही है। राजस्थान को शिक्षा के क्षेत्र में 947 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भरतपुर में राज्य स्तरीय समारोह में 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के खातों में निशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपये की डीबीटी राशि जारी करेंगे। इसके अलावा करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से व्हीलचेयर और टैबलेट भी वितरित किए जाएंगे।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

pc- channel4newsindia.com