Rajasthan: जन्मदिन बना आखिरी दिन, सांवरिया सेठ से लौट रही बस ट्रक से टकराई, एक की मौत, कई घायल
- byShiv
- 01 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के भीलवाड़ा से एक दुखद घटना सामने आई है, यहां हंसी खुशी का माहौल पल भर में चीख-पुकार में बदल गया। अजमेर निवासी जयप्रकाश सिंधी अपने जन्मदिन के खास मौके पर परिवार और मित्रों के साथ भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे, लेकिन लौटते वक्त एक बड़ा हादसा हो गया।
कैसे हुई घटना
मीडिया रिपोटर्स की माने तो अजमेर के रहने वाले जयप्रकाश सिंधी का जन्मदिन उनके जीवन का आखिरी दिन साबित हुआ। जन्मदिन की खुशी में वे अपने करीबियों के साथ सांवरिया सेठ मंदिर मत्था टेकने गए थे। लौटते समय भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर हमीरगढ़ के पास उनकी बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जयप्रकाश सिंधी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। हादसे के वक्त बस में 23 लोग सवार थे, जिन्हें भीलवाड़ा में रात्रि भोज के लिए रुकना था। घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक
हादसे की सूचना मिलते ही राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने भीलवाड़ा अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ से फोन पर बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए।
pc- india tv hindi





