Rajasthan: सीएम भजनलाल आज विधानसभा में देंगे जवाब, इसके बाद 11 फरवरी को पेश होगा बजट
- byShiv
- 05 Feb, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में आज सीएम भजनलाल की स्पीच होने वाली है। गुरुवार को सदन की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी, लेकिन खास बात यह है कि आज प्रश्नकाल नहीं होगा। सदन की कार्यवाही सीधे शून्यकाल से शुरू की जाएगी। पिछले कुछ दिनों से राज्यपाल के अभिभाषण पर जो बहस चल रही है, आज उसका आखिरी दिन है। दोपहर 3 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विपक्ष की ओर से अपनी बात रखेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार का पक्ष रखते हुए बहस का जवाब देंगे।
खबरों की माने तो आज अभिभाषण पर चर्चा के साथ-साथ आज सदन में कई विभागों के सालाना काम-काज का ब्योरा रखा जाएगा। यह एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है जिसके माध्यम से विभागों की सालभर की कार्यप्रणाली को सार्वजनिक किया जाता है।
आज मुख्यमंत्री के जवाब के साथ ही राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र का पहला चरण पूरा हो जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया जाएगा। विधानसभा के कैलेंडर के अनुसार, सत्र का दूसरा चरण 11 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, यह चरण पूरे राज्य के लिए सबसे ज्यादा अहम है क्योंकि 11 फरवरी को ही प्रदेश का पूर्ण बजट प्रस्तुत किया जाएगा।
pc- firstindianews.com






