Rajasthan: महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर डोटासरा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इंटरनेट डेस्क। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने गहलोत सरकार में शुरू हुई महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों शिक्षकों को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। डोटासरा ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान के वंचित, अभावग्रस्त , पिछड़े समेत हर वर्ग के हर बच्चे को उच्च गुणवत्ता वाली अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल सके, इसके लिए हमारी कांग्रेस सरकार के समय चरणबद्ध रूप से महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना की गई। 

कांग्रेस सरकार ने इन विद्यालयों में अंग्रेजी शिक्षकों हेतु कैडर विथ इन कैडर बना कर शिक्षकों की नियुक्ति की और 10,000 शिक्षकों का नया कैडर बना कर संविदा पर नियुक्ति दी गई एवं संभाग स्तर व निदेशालय स्तर पर प्रभावी प्रबोधन के लिए उप निदेशक स्तर के अधिकारियों के पद स्वीकृत कर नियुक्त किए गए।

बिना किसी राजनीतिक दबाव के पूरे राजस्थान में अंग्रेज़ी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए 3737 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए और विषय विशेषज्ञों को तैनात किया गया, ताकि अंग्रेज़ी शिक्षकों की भर्ती होने पर मज़बूत और व्यवस्थित शैक्षणिक ढांचा पहले से तैयार मिले और शिक्षण व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। लेकिन प्रदेश का दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार के 2 साल बीतने के बाद भी इन विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों की भर्ती अभी तक नहीं की जा सकी है।

pc- firstindia.co.in