Rajasthan: गहलोत का केंद्र सरकार पर निशाना, मोदी सरकार की लेट लतीफी के कारण अटका रहा एयरपोर्ट का शिलान्यास

इंटरनेट डेस्क। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कल कोटा को बड़ी सौगात देने जा रहे है। दोनों कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। ये कार्यक्रम शंभूपुरा स्थित न्यू ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट स्थल पर आयोजित होगा। वहीं सीएम द्वारा नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना तथा परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा। कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बड़ा बयान दिया है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो अशोक गहलोत ने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि कल कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास होने जा रहा है, जिसकी पहल हमारी कांग्रेस सरकार ने की थी। राहुल गांधी ने कोटा में एक जनसभा के दौरान वहां की जनता से एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था, उसे हकीकत बनाने के लिए हमारी कांग्रेस सरकार ने 1250 एकड़ जमीन कोटा में एयरपोर्ट के लिए 2021 में निशुल्क आवंटित की। 2022 में यहां से बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ₹120 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया। केन्द्र सरकार की लेट लतीफी के कारण यह प्रोजेक्ट करीब 4 साल तक अटका रहा। अब आशा है कि शिलान्यास के बाद इसका काम तेजी से पूरा होगा एवं निर्माण कार्य भी गुणवत्तापूर्ण होगा।

कांग्रेस सरकार ने चंबल रिवरफ्रंट जैसा विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट देकर कोटा को टूरिज्म का हब बनाने का प्रयास किया जिससे पर्यटकों की आवक कोटा में बढ़े। हालांकि भाजपा सरकार की उपेक्षा के कारण रिवर फ्रंट में न रेस्टोरेंट खुल पाए हैं और न ही दूसरी सुविधाओं का विकास हुआ है।

pc- deccanchronicle.com