Rajasthan: जयपुर में ब्रिक्स देशों के व्यापार और उद्योग मंत्रियों की बैठक हुई संपन्न, सीएम शर्मा ने किया स्वागत
- byShiv
- 07 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। जयपुर में गुरुवार को ब्रिक्स 2026 देशों के व्यापार और उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। इसमें सदस्य देशों ने औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक संयुक्त घोषणा को अपनाया। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सदस्य देशों के बीच औद्योगिक सहयोग और आर्थिक साझेदारी के भविष्य पर व्यापक चर्चा हुई।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने ब्रिक्स देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी को और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समावेशी औद्योगिक भविष्य के निर्माण के लिए सहयोग, नवाचार और आपसी विश्वास बेहद महत्वपूर्ण हैं। बैठक की प्रमुख उपलब्धि सदस्य देशों द्वारा संयुक्त घोषणा को अपनाना रही।

रामबाग पैलेस में मेहमानों के लिए डिनर
बैठक के बाद रामबाग पैलेस में रात्रिभोज आयोजित हुआ, जिसमें अलग-अलग देशों से आए नेता शामिल हुए हैं। रात्रिभोज में विदेशी गणमान्य का राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वागत किया। रामबाग पैलेस में आयोजित इस डिनर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और केंद्र सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद समेत अन्य लोग शामिल हुए।
pc-x.com






