Rajasthan: सांसद बेनीवाल ने भजनलाल सरकार को लिया निशाने पर, इस मामले में साधा निशाना
- byShiv
- 17 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक समाचार पत्र की ओर से प्रकाशित जुलाई-सितंबर 2026 की सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। आरएलपी प्रमुख बेनीवाल ने इस संबध में सोमवार को एक्स के माध्यम से कहा कि आज प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र हिन्दुस्तान टाइम्स में प्रकाशित जुलाई-सितंबर 2026 की सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान शहरी बेरोजगारी के मामले में देश के 22 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में तीसरे स्थान पर है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की शहरी बेरोजगारी दर 10 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 6.8 प्रतिशत है। इससे भी चिंताजनक स्थिति महिलाओं की है, जिनमें शहरी बेरोजगारी दर 12.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है। आरएलपी सांसद बेनीवाल ने इस संबंध में आगे कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने और प्रदेश में औद्योगिक विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल उलट नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछना चाहता हूं कि आखिर युवाओं को रोजगार देने के वादों का क्या हुआ ? प्रदेश में नए उद्योग, निवेश और रोजगार के अवसरों को लेकर किए जा रहे दावों का लाभ राजस्थान के युवाओं को कब मिलेगा ? आखिर कब तक हमारे युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर रहेंगे ? बेनीवाल ने आगे कहा कि राजस्थान को केवल घोषणाओं, विज्ञापनों और निवेश सम्मेलनों की नहीं, बल्कि धरातल पर रोजगार सृजन करने वाली ठोस नीतियों की आवश्यकता है।
pc- abp news






