Rajasthan: पंचायतीराज चुनाव, प्रथम चरण के चुनावों के लिए आज जारी होगी अधिसूचना

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में आज से पंचायत चुनावों का कार्यक्रम शुरू हो चुका हैं जो दिसंबर तक चलेगा। जी हां जयपुर जिला परिषद एवं जिले की पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए आज  निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने  बताया कि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी।

नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से होगी तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान हेतु मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा व मतदान 22 अक्टूबर  को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।

पंच एवं सरपंच पदों के लिए भी आज ही निर्वाचन की लोकसूचना कर दी जाएगी।   नाम निर्देशन पत्र 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 23 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11ः30 बजे से होगी तथा नाम वापसी का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। इसके तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो संदेश नायक ने बताया कि  प्रथम चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान 24 अक्टूबर  को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर  को होगा। वहीं जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवम्बर  को जिला मुख्यालय पर प्रातः 8 बजे से मतगणना समाप्ति तक की जाएगी।

pc- danik bhaskar