Rajasthan Politics: गहलोत का बड़ा बयान, विधानसभा में मिलकर गतिरोध को समाप्त करें सत्ता पक्ष और विपक्ष, छोड़े दोनों अहंकार

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में पिछले छह दिनों से जारी गतिरोध पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान दिया है। उनका कहना है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष को मिलकर इसे खत्म करना चाहिए। साथ ही उन्होंने दोनों पक्षों को अहंकार छोड़ने की भी नसीहत दी। उधर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का आज विधानसभा में बयान भी होना था, लेकिन कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया है।

गहलोत ने इस मामले में कहा, यह गतिरोध खत्म होना चाहिए, ताकि सदन में बहस हो सके। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को सहयोग करना चाहिए और किसी भी पक्ष में अहंकार नहीं होना चाहिए। यह अनावश्यक तनाव और ज्यादा नुकसान कर रहा है। आज नेता प्रतिपक्ष की स्पीच होनी है, पता नहीं क्या होगा, लेकिन सत्ता पक्ष को चिंता नहीं है।

गहलोत ने नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को विपक्ष को बुलाना चाहिए और बात की जानी चाहिए, उन्होंने स्पीकर वासुदेव देवनानी का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार उन्हें भी निष्कासित कर दिया गया था, उनकी तरफ से चीफ व्हिप राजेंद्र राठौड़ ने खेद प्रकट किया था, जब राजेंद्र राठौड़ को निष्कासित किया गया था, तब गुलाबचंद कटारिया ने खेद प्रकट किया था।

pc- naya india