Rajasthan: पंचायत चुनावों के चौथे चरण की तैयारी पूरी, आज रवाना होंगे मतदान दल
- byShiv
- 13 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव के 3 चरण पूरे हो चुके हैं और अब चौथे चरण की बारी है। जयपुर जिले में चतुर्थ चरण की वोटिंग के लिए आज मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने इस बात की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि आज मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण प्रातः 9.00 बजे से रहेगा। इस दौरान मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन, बैलेट पेपर तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के पश्चात मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
संदेश नायक ने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
ये है चुनाव कार्यक्रम
संदेश नायक ने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कल प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी।
pc- dainiknavajyoti.com






