Rajasthan: मुख्यमंत्री भजनलाल के प्रयासों से मिला प्रदेश को फायदा, 3 ट्रेनों की मिली मंजूरी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भाजपा की सरकार और केंद्र में भाजपा की सरकार होने का प्रदेश को फायदा मिल रहा है। ऐसे में प्रदेश में रेलवे और परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विशेष प्रयासों और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के लोगों को परिवहन के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो मुख्यमंत्री के आग्रह पर केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान से होकर गुजरने वाली तीन नई रेल गाड़ियों के परिचालन को अपनी हरी झंडी दे दी है। इन नई ट्रेनों के शुरू होने से प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को सुगम आवागमन की बेहतरीन सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय सम्पर्क काफी ज्यादा मजबूत होगा।

रेलवे की ओर से जिन तीन नई ट्रेनों को मंजूरी दी गई है, उनमें पहली ट्रेन भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस है, यह ट्रेन राजस्थान के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन का संचालन वाया कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर होते हुए किया जाएगा। इस रूट पर ट्रेन के चलने से व्यापारिक और आम यात्रियों को काफी फायदा होगा।

हरिद्वार ओखा और वेरावल एक्सप्रेस को भी हरी झंडी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को मंजूरी दी गई है। इनमें हरिद्वार ओखा एक्सप्रेस और हरिद्वार वेरावल एक्सप्रेस शामिल हैं। इन दोनों ही ट्रेनों का रूट राजस्थान के प्रमुख शहरों से होकर तय किया गया है। ये दोनों रेल गाड़ियां वाया अलवर, जयपुर, अजमेर और आबू रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

pc-firstindianews.com