Rajasthan: पंचायत चुनावों के तीसरे चरण के लिए आज हो रही वोटिंग, गुरूवार को होगा सरपंच, वार्ड पंच के लिए मतदान

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। आज 27 जिला परिषदों के 377 एवं 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। 1.06 करोड़ मतदाता आज शाम 6 बजे तक 9094 प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे। 

तीसरे चरण में 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों के लिए 1,305 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में 7,789 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों एवं जिला परिषद् के वार्डों में भी मतदान हो रहा है। 

सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान गुरुवार को
कल ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। गुरुवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी तथा 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा।

pc- news18