Rajya Sabha Elections: 11 सीटों के लिए आज होगा मतदान, 26 उम्मीदवार निर्विरोध हुए निर्वाचित
- byShiv
- 16 Mar, 2026
इंटरनेट डेस्क। राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव 16 मार्च यानी आज आयोजित किए जा रहे हैं। मतदान के बाद आज ही शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी। इन चुनावों के तहत 10 राज्यों से राज्यसभा के उन सदस्यों के स्थान पर नए प्रतिनिधि चुने जाएंगे, जिनका कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। ये सीटें महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से खाली हो रही हैं।
26 उम्मीदवार पहले ही चुने गए
मीडिया रिपोटर्स की माने तो 37 सीटों में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। राजनीतिक दलों के बीच सहमति या संख्या बल के कारण कई राज्यों में मुकाबला नहीं हुआ। अब शेष 11 सीटों के लिए मतदान होना है। इनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
कई उम्मीदवार जीत चुके हैं चुनाव
निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में कई बड़े नाम शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, शरद पवार, अभिषेक मनु सिंघवी, तिरुचि शिवा और विनोद तावड़े को निर्विरोध चुन लिया गया है। पार्टीवार देखें तो अब तक निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी के सात, कांग्रेस के पांच, तृणमूल कांग्रेस के चार और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के तीन उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा अन्य क्षेत्रीय पार्टियां जैसे शिवसेना, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम को भी एक-एक सीट मिली है।
pc- the hindu





