Ram Navami 2026: जाने 26 या 27 मार्च कब मनाई जाएगी रामनवमी, जानिए सही तिथि ओर पूजा का शुभ मुहूर्त

इंटरनेट डेस्क। चैत्र नवरात्रि चल रही हैं और आज देशभर में अष्टमी और नवमी का त्योहार मनाया जा रहा हैं, वैसे सनातन धर्म में राम नवमी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि त्रेता युग में चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। यह दिन धर्म, सत्य और मर्यादा के प्रतीक श्रीराम के अवतरण का प्रतीक है। श्रीराम को भगवान विष्णु का सातवां अवतार माना जाता है। वहीं इस बार राम नवमी को लेकर संशय बना हुआ है। क्योंकि नवमी तिथि दो दिन पड़ रही है। आइए जानते हैं राम नवमी तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त।

जानिए सही तिथि
पंचांग के अनुसार इस साल राम नवमी की तिथि 26 मार्च की सुबह 11.48 से शुरू होकर 27 मार्च की सुबह 10.06 बजे तक रहेगी। चूंकि राम जी का जन्म मध्याह्न काल (दोपहर 12 बजे का समय) में हुआ था इसलिए कई लोग 26 मार्च को राम नवमी मनाना ज्यादा उचित मान रहे हैं। वहीं जो लोग उदया तिथि से मनाते हैं वो लोग 27 मार्च को राम नवमी मनाएंगे।

राम नवमी पूजा- विधि
राम नवमी के दिन भगवान राम का श्रंगार अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। इस दिन सबसे पहले भगवान की मूर्ति या चित्र को गंगाजल से शुद्ध किया जाता है और यदि संभव हो तो पंचामृत से स्नान कराया जाता है। इसके बाद राम जी को पीले या केसरिया रंग के नए वस्त्र पहनाए जाते हैं, क्योंकि यह रंग पवित्रता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। फिर भगवान को मुकुट, माला, कंगन और अन्य आभूषणों से सजाया जाता है, साथ ही चंदन या रोली से तिलक लगाया जाता है और हाथ में धनुष-बाण रखा जाता है।

क्यों मनाई जाती है राम नवमी 
राम नवमी हिंदू धर्म का एक अत्यंत पवित्र त्योहार है, जो भगवान भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन अयोध्या के राजा दशरथ के घर भगवान राम का जन्म हुआ था। भगवान राम को धर्म, सत्य और आदर्श जीवन का प्रतीक माना जाता है, इसलिए उनका जन्मदिन पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।

pc- news nation