श्री चरणी ने रैकिंग में लिखा नया इतिहास, ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट को छोड़ा पीछे

इंटरनेट डेस्क। भारतीय क्रिकेट में इस समय एक बड़ा नाम तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज गेंदबाज मेगन शूट के नाम था। वह महिला टी20 इतिहास में किसी गेंदबाज द्वारा हासिल किए गए सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स तक पहुंच गई हैं।

चरणी ने इस दौरान मेगन शूट का करीब आठ साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। शूट ने नवंबर 2018 में 806 रेटिंग पॉइंट्स हासिल किए थे। यानी अब चरणी ने 11 पॉइंट्स ज्यादा लेकर अपना आंकड़ा 817 तक पहुंचा दिया हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 802 पॉइंट्स के साथ इस ऐतिहासिक सूची में भी शामिल रही हैं।

श्री चरणी के लिए यह उपलब्धि अचानक नहीं आई है। सितंबर में खेले गए महिला एशिया कप में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी। टूर्नामेंट के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 4 विकेट लेकर भारत की 72 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई और पूरे टूर्नामेंट में उनके नाम 12 विकेट रहे। इस प्रदर्शन के बाद वह पहली भारतीय गेंदबाज बनी थीं, जिसने आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में 800 रेटिंग पॉइंट्स का आंकड़ा पार किया था। उस समय उनके 804 पॉइंट्स थे।

इसके बाद एशियन गेम्स में भी चरणी का प्रभाव जारी रहा। जापान के खिलाफ उन्होंने 4/10 का शानदार स्पेल किया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल मुकाबले में 2 विकेट हासिल किए। आईसीसी के मौजूदा रिकॉर्ड के मुताबिक चरणी अब टी2आई में नंबर-1 गेंदबाज हैं।

pc- the hindu